मुझे आदमी का सड़क पार करना हमेशा अच्छा लगता है क्योंकि इस तरह एक उम्मीद - सी होती है कि दुनिया जो इस तरफ है शायद उससे कुछ बेहतर हो सड़क के उस तरफ। -केदारनाथ सिंह
Friday, November 13, 2026
इस हफ्ते पंजाब का सियासी स्वाद!
पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत कांग्रेस ने 'पंजाब मंगदा इंसाफ' अभियान शुरू किया है। इसके माध्यम से पार्टी जनता के सुझावों के आधार पर अपना घोषणा पत्र तैयार करेगी। इस बीच, पंजाब विधानसभा चुनावों का कार्यक्रम जनवरी 2027 के पहले सप्ताह में घोषित किए जाने की संभावना है। राज्य में मतदान फरवरी के अंतिम सप्ताह या मार्च के शुरुआती दिनों में हो सकता है।
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अपना चुनावी होमवर्क तेज कर दिया है। बुधवार को चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में ‘पंजाब मंगदा इंसाफ’ अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत कांग्रेस नेता अब प्रदेश के अलग-अलग जिलों और विधानसभा हलकों में जाकर लोगों से सीधा संवाद करेंगे।
लेकिन पंजाब कांग्रेस में तमाम कवायद के बाद भी गुटबाजी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है और इसका नजारा बुधवार को कांग्रेस की 'पंजाब मंगदा इंसाफ' यात्रा में भी दिखा। इस यात्रा की शुरुआत पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह और विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने की। यात्रा का मकसद विधानसभा से पहले पंजाब के लोगों को पार्टी से जोड़ना है लेकिन हालत ये है कि कांग्रेस के नेता ही आपस में एक दूसरे से नहीं जुड़ पा रहे हैं। एकसाथ नहीं आ पा रहे हैं।
गौरतलब है कि पंजाब कांग्रेस में हाल ही में बड़ा फेरबदल हुआ था। राजा वड़िंग को हटाकर कांग्रेस ने परगट सिंह को प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त किया था। इससे पहले छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को कांग्रेस प्रभारी पद से हटाकर सचिन पायलट को नया प्रभारी बनाया गया।
वर्तमान में लुधियाना सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बीच मतभेद है, जिसका असर अब पार्टी में व्यापक रूप से नजर आ रहा है।पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी के नए अध्यक्ष परगट सिंह ने पूरे राज्य में जनसंपर्क अभियान 'पंजाब मंगदा इंसाफ' शुरू किया है।
इस बीच सभी नेताओं को एकजुट होकर इस अभियान को सशक्त बनाना चाहिए था। लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी एक अलग राह तलाश रहे हैं। इस तरह अब पार्टी के भीतर गुटबाजी की अटकलें एक बार फिर जोर पकड़ रही हैं।
कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी अपनी अलग 'जवानी संभाल' साइकिल यात्रा की तैयारी कर रहे हैं जबकि पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी की आधिकारिक प्रेस रिलीज में चन्नी की साइकिल यात्रा का जिक्र नहीं है। ऐसे में ये सवाल उठ रहा है कि ये पार्टी का संयुक्त कार्यक्रम है या चन्नी का निजी अभियान लेकिन जब परगट सिंह से चरणजीत सिंह चन्नी और राजा वडिंग जैसे नेताओं के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि चन्नी अपनी साइकिल यात्रा की तैयारी कर रहे हैं। जबकि राजा वडिंग लुधियाना में हैं।
इन सबके बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी पर मजे लेने लगे हैं। भगवंत मान ने कहा कि कांग्रेस में मुख्यमंत्रियों की संख्या बढ़ती जा रही है और कार्यकर्ता कम होते जा रहे हैं। भगवंत मान ने चन्नी की साइकिल यात्रा पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि चन्नी की साइकिल की चेन तो कांग्रेसी पहले ही निकाल चुके हैं।
पार्टी के भीतर पार्टी की राजनीति के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में कुल 31 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। पार्टी ने माझा, दोआबा और मालवा क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। सूची में कई बड़े नाम शामिल हैं, वहीं कुछ मौजूदा विधायकों और मंत्रियों के टिकट भी काटे गए हैं।
कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की गतिविधियों के बीच पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने हिंदू मतदाताओं को अपने साथ जोड़ने की तैयारी तेज कर दी है. पार्टी ने प्रदेश के 94 शहरों में सक्रिय 77 से ज्यादा हिंदू बिरादरियों के प्रतिनिधियों से संपर्क किया है. इसके जरिए भाजपा शहरी और अर्धशहरी इलाकों में अपना राजनीतिक आधार मजबूत करना चाहती है.
भाजपा की कोशिश सिर्फ हिंदू मतदाताओं तक सीमित नहीं है. पार्टी सिख, ओबीसी और दलित समुदायों में भी अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है. ऐसे में आगामी चुनाव में पंजाब का सामाजिक और जातीय समीकरण काफी अहम रहने वाला है.
वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 15 से 22 नवंबर के बीच पंजाब दौरे की चर्चा के साथ ही सूबे में भाजपा-अकाली दल गठबंधन को लेकर राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।
संभावना है कि बठिंडा में दोनों दलों की संयुक्त रैली हो सकती है, जिसमें गठबंधन का औपचारिक ऐलान हो। हालांकि अभी तक किसी भी दल ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment