Friday, November 20, 2026

कांग्रेस के नेताओं पर किसकी नज़र!

पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं के इस दल से उस दल में जाने की रफ्तार कम होती नहीं दिख रही है! इस कड़ी में कांग्रेस के एक नेता का नाम अभी सबकी जुबान पर है। दरअसल कांग्रेस ने अपने जिस नेता को चुनावी मैनिफेस्टो तैयार करने की जिम्मेदारी दी थी, अब वही भाजपा में शामिल हो गए हैं!
हरदयाल सिंह कंबोज पंजाब कांग्रेस की मैनिफेस्टो कमेटी के सह-अध्यक्ष थे। वह राजपुरा विधानसभा सीट से विधायक भी रह चुके हैं। ऐसे में चुनाव की तैयारियों के बीच उनका कांग्रेस छोड़ना पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है।

हरदयाल सिंह कंबोज ने चंडीगढ़ स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ली। इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पंजाब भाजपा के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों मौजूद रहे। नायब सैनी ने कंबोज को भाजपा में शामिल कराया। कांग्रेस की जिस कमेटी पर चुनावी वादों और मैनिफेस्टो से जुड़ी जिम्मेदारी है, उसके सह-अध्यक्ष का पार्टी छोड़ना चुनाव से पहले कांग्रेस के लिए नई चुनौती बन सकता है।

हालांकि पार्टी के भीतर सेंधमारी के बीच कांग्रेस ने एक बड़ा दांव खेला है। कांग्रेस पार्टी ने 42 सदस्यीय 'प्रदेश चुनाव समिति' (PEC) का गठन कर दिया है और इसकी सूची बुधवार (18 नवंबर) को जारी कर दी गई। ये समिति उम्मीदवारों के चयन, गठबंधन और प्रचार की रणनीतियों को तैयार करने में बड़ी भूमिका निभाएगी। इस सूची में एक नाम से सभी का ध्यान खींचा है और वो नाम है पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान और कांग्रेस विधायक परगट सिंह का। पार्टी में कई बड़े नेताओं के होने के बावजूद 2027 के चुनावों की तैयारियों के लिए कांग्रेस ने राज्य पार्टी प्रमुख परगट सिंह को पंजाब चुनाव समिति का अध्यक्ष बनाया है।

परगट सिंह को समिति का अध्यक्ष बनाना पार्टी में उनके बढ़ते कद को दिखाता है। साथ ही ये जिम्मेदारी पार्टी हाईकमान का उनपर किया गया भरोसा भी जगजाहिर कर रहा है। अब सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर कांग्रेस ने उन्हें ही क्यों चुना? इसके पीछे भी छिपी है कांग्रेस की सिख वोटरों को साधने का गणित और पार्टी में गुटबाजी की बजाए एकता हो दर्शाना है।

परगट सिंह का स्टैंड हमेशा तटस्थ रहा है और उनकी छवि ईमानदार, गैर-विवादित और सबको साथ लेकर चलने की रही है। सिंह पंजाब सरकार में शिक्षा और खेल मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी काम कर चुके हैं, लेकिन उनपर किसी तरह के भ्रष्टाचार या घोटाले के आरोप नहीं लगे हैं। चूंकि वो पहले भारतीय हॉकी टीम के कप्तान रहे हैं। उन्हें पद्म श्री और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इस कारण आम जनता और विपक्षी दलों में उनके लिए एक सम्मासम्मानित और ईमानदार नेता की छवि बनी हुई है।

ये तो हुई कांग्रेस की बात। अब चलिए अकाली दल की बात करते हैं। पंजाब में शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भाजपा के बीच गठबंधन की चर्चाओं के बीच अकाली दल का चुनावी घोषणा पत्र भी अटक गया है। पार्टी ने इसे एक नवंबर को जारी करने का एलान किया था लेकिन 19 दिन बीतने के बाद भी घोषणा पत्र सामने नहीं आया।

राजनीतिक गलियारों में इसकी देरी को भाजपा के साथ संभावित गठबंधन से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि गठबंधन पर स्थिति स्पष्ट होने के बाद अकाली दल अपने घोषणा पत्र के मुद्दों और चुनावी एजेंडे में बदलाव कर सकता है। चुनाव से पहले घोषणा पत्र किसी भी राजनीतिक पार्टी के लिए अहम होता है। इसके जरिये पार्टी जनता के सामने अपना एजेंडा और चुनावी वादे रखती है।

अकाली दल ने घोषणा पत्र तैयार करने के लिए एक कमेटी बनाई थी। कमेटी ने बैठक कर इसमें शामिल किए जाने वाले मुद्दों पर पार्टी पदाधिकारियों की राय ली थी। विभिन्न विंगों से भी फीडबैक लिया गया था। इसके बाद पार्टी ने एक नवंबर को घोषणा पत्र जारी करने का एलान किया था लेकिन तय समय बीतने के बावजूद इसे जारी नहीं किया गया।

दूसरी तरफ पंजाब में भाजपा की राजनीतिक गतिविधियों को विस्तार देते हुए आम आदमी पार्टी और शिरोमणि अकाली दल से जुड़े कई नेता और कार्यकर्ता पार्टी में शामिल हुए।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों की मौजूदगी में मोगा से आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता एवं पूर्व छात्र नेता नवदीप सिंह संगा ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

पार्टी में शामिल हुए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का नायब सिंह सैनी और केवल सिंह ढिल्लों ने स्वागत किया। भाजपा नेताओं ने उम्मीद जताई कि नए सदस्यों के आने से पंजाब में पार्टी का संगठन और मजबूत होगा। मोगा और लुधियाना में इन नेताओं के अपने-अपने समर्थक समूहों के साथ शामिल होने को भाजपा के लिए संगठनात्मक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पंजाब की बात हो और सूबे के मुख्यमंत्री भगवंत मान के किसी बयान पर चर्चा नहीं हो तो पंजाब का सियासी स्वाद ही खराब हो जाता है! हाल ही में एक समाचार चैनल से बातचीत में मुख्यमंत्री ने पूर्व आप नेता राघव चड्ढा पर तंज कसा था। मान ने कहा कि आप एक राष्ट्रीय पार्टी है जो लाखों लोगों की उम्मीदों पर टिकी है, न कि कुछ व्यक्तियों पर! उन्होंने पार्टी के गुजरात, गोवा, जम्मू-कश्मीर और पंजाब में विस्तार का उल्लेख किया, जिसकी तुलना उन्होंने जनसंघ और कांग्रेस जैसी पुरानी पार्टियों की प्रारंभिक प्रगति से की। राघव चड्ढा के भाजपा में जाने पर मान ने सवाल उठाया कि उन्हें वहां क्या मिला? उन्होंने दावा किया कि भाजपा नेताओं को “खा जाती है” और उन्हें आंतरिक रूप से हाशिए पर धकेल देती है। उन्होंने भाजपा के पंजाब घोषणापत्र की जिम्मेदारी मिलने को लेकर राघव चड्ढा पर कटाक्ष किया, यह कहते हुए कि दो सीटें जीतने वाली पार्टी का घोषणापत्र क्या होगा! 

No comments: